
छत्तीसगढ़ के चन्द्रखुरी स्थित कौशल्या माता धाम में प्रभु श्रीराम की भव्य 51 फीट ऊंची वनवासी स्वरूप वाली नई प्रतिमा स्थापित होने जा रही है। ग्वालियर से मूर्ति लाने के लिए विशेष टीम रवाना हो चुकी है, जो शीघ्र ही शुभ मुहुर्त में इसे स्थापित करेगी। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रयासों से यह धार्मिक स्थल और भव्य बनेगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने समय पर यह कार्य पूरा होने पर पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि कौशल्या माता धाम में प्रभु श्रीराम की भव्य प्रतिमा की स्थापना छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को समृद्ध करेगी।
नई प्रतिमा का विशेष स्वरूप
भगवान श्रीराम की यह प्रतिमा वनवासी रूप में तैयार की गई है, जो वर्तमान मूर्ति की जगह लेगी। ग्वालियर सेंड स्टोन आर्ट एंड क्राफ्ट सेंटर पर राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित मूर्तिकार श्री दीपक विश्वकर्मा के नेतृत्व में इसका निर्माण पूरा हो चुका है। प्रतिमा की खासियत 108 मनके रुद्राक्ष का उत्कीर्णन है, जो इसे अद्वितीय बनाता है।




