
छत्तीसगढ़ जुवेनाइल डायबिटीज पेरेंट्स एसोसिएशन (CGJDPA ) ने अपनी सेवा के दस साल पूरे होने पर रविवार को निरंजन धर्मशाला, वीआईपी रोड, रायपुर में एक बड़े शिक्षा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस कार्यक्रम में टाइप-1 डायबिटीज (T1D) से जूझ रहे बच्चों और उनके परिवारों के लिए जानकारी, सहयोग और हौसला बढ़ाने का माहौल तैयार किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल कार्यक्रम में शामिल हुए। सबसे खास पल तब आया जब मंत्री जी ने सभी ज्1क् बच्चों के साथ एक ही जगह बैठकर भोजन किया। इस आत्मीय पहल ने बच्चों और उनके अभिभावकों का दिल जीत लिया।
अपने संबोधन में श्री जायसवाल ने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सेवा पहुँचाने और पारदर्शी स्वास्थ्य व्यवस्था बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुफ्त ग्लूकोमीटर सुविधा की जानकारी दी और मौके पर ही 20 जरूरतमंद बच्चों को ग्लूकोमीटर वितरित किए। कार्यक्रम में कुल 125 बच्चों का पंजीयन हुआ और लगभग 100 परिवार शामिल हुए।



