मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आष्टा की छात्राओं के लिए आज विशेष सौगात का दिन है। मुख्यमंत्री ने कन्या महाविद्यालय और कन्या विद्यालय में छात्रावास के साथ कन्या विद्यालय के भवन निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार बेटियों को अच्छे से अच्छी शिक्षण
सुविधाएं प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सीहोर जिले के आष्टा में आज त्रिवेणी संगम है। आष्टा मां पार्वती नदी की उद्गम स्थली है। यहां के सांदीपनि विद्यालयों में 90 प्रतिशत बच्चे प्राइवेट स्कूल छोड़कर आए हैं। राज्य सरकार विद्यार्थियों को 4 लाख साइकिलें वितरित कर रही है। मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूल टॉपर बच्चों को स्कूटी दी जा रही है।
किसान कल्याण को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष मनाने का निर्णय लिया। किसानों के कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। किसानों के लिए अकेले दो साल में लगभग 10 लाख हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ गया है। गेहूं पर 40 रुपए बोनस देकर 2625 रुपए प्रति क्विंटल खरीद की जा रही है। अब गांवों में 24 घंटे बिजली सप्लाई कर किसानों को दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली दे रहे हैं। सिर्फ 5 रुपए में बिजली कनेक्शन दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 12 लाख से अधिक लखपति दीदियां हैं। अकेले सीहोर में 1 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों की दीदियां हैं। प्रदेश के 5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों की 65 लाख से अधिक बहनें सशक्त हुई हैं। राज्य सरकार मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत विवाह के लिए 55 हजार रुपए की राशि दे रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 184 करोड़ की लागत के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया। इनमें आष्टा एवं जावर में नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण भी शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं में पात्र लोगों को हितलाभ भी वितरित किये।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कीं ये घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आष्टा में नवीन आईटीआई की स्थापना, महाविद्यालय में कन्या छात्रावास निर्माण, नाला निर्माण, जावर में शहरी सौंदर्यीकरण, जिला स्तरीय अनुसूचित बालक-बालिका छात्रावास निर्माण और आष्टा में कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नवीन भवन निर्माण, जावर महाविद्यालय में विज्ञान संकाय शुरू करने, गुराड़िया खुर्द बैराज निर्माण, दूधी नदी पर नय बैराज, नहर निर्माण, गीता भवन बनाने की घोषणा की।
सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों से किया वादा पूरा करते हुए लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 1500 रुपए की, यह राशि आगे बढ़ती जाएगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी देश की बहनों को राजनीतिक रूप से सशक्त कर रहे हैं। बहनों को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलवाने के लिए इसी माह 16 अप्रैल से लोकसभा का सत्र आयोजित किया जाएगा। विधायक श्री गोपाल सिंह इंजीनियर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नेतृत्व में आष्टा को लगातार सौगातें मिल रही हैं। यहां दो नवीन सांदीपनि विद्यालय, एसडीएम कार्यालय, महाविद्यालय छात्रावास, 54 सामुदायिक भवन और अनेक सड़कों का लोकार्पण हुआ है। महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा, सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, विधायक श्री सुदेश राय, विधायक श्री उमाकांत भार्गव सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित थीं।
दो किलोमीटर लंबे रोड-शो में उमड़ा जनसैलाब
आष्टा नगर में रविवार को उस वक्त एक ऐतिहासिक और अभिभूत कर देने वाला दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वागत में नागरिकों ने पलक पावड़े बिछाकर उनका अभिनंदन किया। पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल रहा और हर वर्ग के लोगों ने अपार उत्साह के
साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता से नागरिकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया। करीब दो किलोमीटर लंबे रोड-शो के दौरान शहर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। जगह-जगह नागरिकों द्वारा लगातार पुष्प वर्षा की गई, फूल मालाओं से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया तथा पगड़ी और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे मार्ग पर स्वागत के भव्य नजारे देखने को मिले, जहां हर कदम पर लोगों का उत्साह चरम पर नजर आया।
इस भव्य स्वागत में विभिन्न क्षेत्रों से आईं 35 से अधिक धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, व्यापारिक एवं अन्य संस्थाओं ने भी सहभागिता कर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। संस्थाओं द्वारा बाबा महाकाल, भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं राजा भोज के चित्र भेंट कर अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त किया गया।
रोड-शो के दौरान कई स्थानों पर विशेष रूप से बड़ी-बड़ी फूल मालाएं तैयार की गईं, जिनसे मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही विभिन्न प्रतीक चिन्ह भी भेंट किए गए, जो इस स्वागत को और अधिक भव्यता प्रदान कर रहे थे। पूरा आष्टा नगर आज एक उत्सव स्थल में परिवर्तित हो गया, जहां हर गली और चौराहे पर लोगों का उत्साह और प्रेम साफ झलक रहा था। नागरिकों का यह अभूतपूर्व स्वागत न केवल मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति उनके सम्मान को दर्शाता है, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक समृद्धि का भी परिचायक है।