छत्तीसगढ़राज्य

नकदी ले जा रहा सैन्य विमान क्रैश: 15 की मौत, सड़क पर बिखरे नोट

 दिल्ली। बोलीविया की राजधानी ला-पाज के पास नकदी ले जा रहा एक मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की है।

बताया जा रहा है कि बोलिवियन वायुसेना से संबंधित हरक्यूलिस विमान देश के सेंट्रल बैंक ऑफ बोलीविया से अन्य शहरों में नए नोट पहुंचाने के लिए उड़ान पर था। दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में नोट घटनास्थल पर बिखर गए।दमकल विभाग प्रमुख पावेल टोवर ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मृतक विमान में सवार थे या एल-आल्टो में हवाई अड्डे के पास राजमार्ग पर मौजूद वाहनों में। उन्होंने बताया कि कई लोग घायल भी हुए हैं और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में दिख रहा है कि विमान वाहनों से टकराने के बाद एक खेत में जा गिरा। हालांकि, इस बात को लेकर विरोधाभासी खबरें हैं कि हादसा टेकऑफ के दौरान हुआ या लैंडिंग के समय।

घटनास्थल पर विमान का मलबा, क्षतिग्रस्त कारें और शव बिखरे पड़े थे। दमकलकर्मियों ने आग बुझा ली है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर गिरे नोटों को इकट्ठा करने के लिए लोग दौड़ पड़े, जिन्हें दंगा-रोधी उपकरणों से लैस पुलिस ने तितर-बितर किया।

हादसे के बाद हवाई अड्डे से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

 

Related Articles

Back to top button