
दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 124 रन से करारी शिकस्त दी और गोल्ड मेडल के फाइनल में जगह बना ली। निसिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए सेमीफाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169/7 का स्कोर बनाया, जवाब में श्रीलंकाई टीम महज 45 रन पर ऑलआउट हो गई।
ईशान किशन का बल्ला गरजा, भारत ने बनाए 169 रन
टॉस जीतकर श्रीलंका ने भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 169 रन बनाए। भारत की ओर से ईशान किशन ने नाबाद 80 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 46 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और पांच छक्के लगाए। वहीं, युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों में 38 रन बनाकर भारत को तेज शुरुआत दिलाई।
45 रन पर ढेर हुई श्रीलंका
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने पावरप्ले में ही श्रीलंका के छह बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। पूरी टीम 9.5 ओवर में सिर्फ 45 रन पर सिमट गई।




