
दिल्ली। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में तत्काल प्रभाव से ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान(ग्रैप) का चरण-I लागू कर दिया है। यह कदम तब उठाया गया जब दिल्ली का दैनिक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बढ़कर 208 पर पहुँच गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
यह निर्णय दिल्ली- एनसीआर में वायु गुणवत्ता की वर्तमान स्थिति की समीक्षा और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी)/भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के पूर्वानुमानों के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की ग्रैप उप-समिति द्वारा लिया गया, जिसमें यह संकेत दिया गया है कि आने वाले दिनों में भी वायु गुणवत्ता के ‘खराब’ श्रेणी में ही बने रहने की आशंका है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी दैनिक एक्यूआई बुलेटिन के अनुसार, उप-समिति ने पाया कि दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में लगातार बढ़त देखी जा रही है और 19 मई 2026 को यह 208 (‘खराब’ श्रेणी) दर्ज किया गया।




