
रेलवे प्रशासन द्वारा दिसंबर 2025 माह के दौरान अवसंरचना विकास, संरक्षा संवर्धन और ट्रैक अनुरक्षण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए। इन पहलों का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, तेज़ और अधिक विश्वसनीय रेल सेवाएँ उपलब्ध कराना है।
जन-सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निपनिया यार्ड और बैकुंठ–सिलयारी खंड के दो समपार फाटकों को स्थायी रूप से बंद किया गया, जिससे सड़क-रेल टकराव की आशंका कम हुई और ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित बना। वहीं सरोना–कुम्हारी मिडिल लाइन पर गिर्डर पुल से जुड़े सुधारात्मक कार्यों के बाद 110 किमी प्रति घंटे का स्थायी गति प्रतिबंध हटाकर अधिकतम गति 130 किमी प्रति घंटा कर दी गई, जिससे यात्रा समय घटा और लाइन क्षमता में वृद्धि हुई।
यार्ड सुधार के तहत निपनिया, आरएसडी और मरौदा यार्ड में लेआउट करेक्शन एवं क्रॉसओवर सुधार कार्य पूरे किए गए, जिससे परिचालन दक्षता और सुरक्षा को मजबूती मिली। इसके साथ ही ट्रैक नवीनीकरण और निवारक अनुरक्षण कार्यों में 1.4 किमी रेल नवीनीकरण, 7.1 किमी स्लीपर नवीनीकरण, 9.55 किमी डीप स्क्रीनिंग और 10 टर्नआउट की डीप स्क्रीनिंग की गई।




