
दिल्ली। सोना और चांदी की कीमतों में गुरुवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। घरेलू सर्राफा बाजार में चांदी 9,000 रुपये टूटकर 2.37 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि सोना 3,500 रुपये गिरकर 1.51 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी अपने पिछले बंद भाव 2.46 लाख रुपये से करीब 3.66 फीसदी गिरकर 2.37 लाख रुपये पर आ गई। वहीं 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना भी 2.26 फीसदी टूटकर 1,51,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक कारणों का असर कीमती धातुओं पर साफ दिखा। HDFC सिक्योरिटीज के एनालिस्ट सौमिल गांधी ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते बाजार में अनिश्चितता बढ़ी है, जिससे सोना-चांदी पर दबाव बना।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गिरावट देखने को मिली। स्पॉट सिल्वर 7.32 फीसदी गिरकर 69.57 डॉलर प्रति औंस और गोल्ड 3.51 फीसदी टूटकर 4,591.52 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। विशेषज्ञों का कहना है कि डॉलर की मजबूती और कच्चे तेल में उतार-चढ़ाव ने भी कीमतों को प्रभावित किया है।
अब निवेशकों की नजर अमेरिका के आर्थिक आंकड़ों, खासकर नॉन-फार्म पेरोल रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे आगे कीमतों की दिशा तय होगी।




