
पश्चिम एशिया में जारी तनावों के बीच वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के चलते सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार दिन के निचले स्तर से शानदार वापसी करते हुए हरे निशान बंद हुआ। इस दौरान प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स ने दिन के निचले स्तर से 1,100 अंकों से ज्यादा की रिकवरी करके और एनएसई निफ्टी 50 ने दिन के निचले स्तर से 300 अंकों से ज्यादा की रिकवरी करके बढ़त के साथ कारोबार का समापन किया।
इस दौरान 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 77.05 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,315.04 पर बंद हुआ, तो वहीं निफ्टी 6.45 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 23,649.95 पर क्लोज हुआ।
प्रमुख बेंचमार्कों की तुलना में व्यापक बाजारों का प्रदर्शन खराब रहा। निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.26 प्रतिशत और निफ्टी मिडकैप इेंडेक्स में 0.15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।




