
कबीरधाम । जिले के लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पैलपार में कुएं से युवक का शव मिलने के मामले में कबीरधाम पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।
27 जनवरी को सुमित जैन के खेत स्थित कुएं में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान किशन उर्फ पाव वर्मा (25 वर्ष), निवासी ढेकापुर के रूप में हुई। शव के साथ ईंट-कांक्रीट का भारी पत्थर बंधा होने से यह स्पष्ट हो गया कि युवक की हत्या कर साक्ष्य छुपाने के इरादे से शव को कुएं में फेंका गया है। इस पर थाना लोहारा में अपराध क्रमांक 07/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल और अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्य, संदिग्धों से पूछताछ और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।




