छत्तीसगढ़राज्य

‘दुपहिया सीजन 2’ के भूगोल में समाए गोविंदा, सलमान और माधुरी!

मुंबई। छोटे शहर का लड़का जब बॉलीवुड के सपने देखने लगे, तो उसकी दुनिया में उसके पसंदीदा सितारों की झलक दिखना लाजिमी है। कुछ ऐसा ही रंग ‘दुपहिया सीजन 2’ के भूगोल में भी देखने को मिलने वाला है। प्राइम वीडियो की इस लोकप्रिय सीरीज में स्पर्श श्रीवास्तव अपने किरदार को सिर्फ एक्टिंग से नहीं, बल्कि उन बॉलीवुड स्टार्स के अंदाज और रेफरेंस से भी गढ़ते नजर आएंगे, जिन्हें देखते हुए वह बड़े हुए हैं।

स्पर्श ने बताया कि भूगोल के किरदार में गोविंदा का कॉमिक चार्म, अमिताभ बच्चन की ‘दीवार’ का असर, सलमान खान की ‘मैंने प्यार किया’ वाली स्टाइल और माधुरी दीक्षित की डांसिंग एनर्जी की झलक शामिल है।

भूगोल में थोड़ा गोविंदा, बहुत सारी ‘दीवार’ और सलमान वाली जैकेट
सीजन 2 के ट्रेलर में नजर आने वाले मंदिर वाले सीन के पीछे की प्रेरणा के बारे में बात करते हुए स्पर्श ने गोविंदा की फिल्म ‘राजा बाबू’ का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने उस सीन में गोविंदा के एक खास इमोशनल पल की फीलिंग को अपने किरदार में उतारने की कोशिश की।

स्पर्श के मुताबिक, भूगोल में कई फिल्मों और सितारों के छोटे-छोटे रेफरेंस हैं। यहां तक कि वह ‘मैंने प्यार किया’ से प्रेरित सलमान खान वाली जैकेट भी पहनता है।

एक्टर ने कहा कि भूगोल एक ऐसा छोटे शहर का लड़का है, जिसने अपनी पसंदीदा फिल्मों और सितारों से बहुत कुछ अपने व्यक्तित्व में शामिल कर लिया है। इसलिए उसके किरदार में इन सभी सितारों की अलग-अलग झलक दिखाई देती है।

‘लौंडा नाच’ में दिखेगी माधुरी की झलक
भूगोल के किरदार का एक और दिलचस्प पहलू उसका लौंडा नाच है। स्पर्श ने बताया कि इस हिस्से में भी माधुरी दीक्षित से प्रेरणा की झलक देखने को मिलेगी। उनके लिए यह अनुभव सिर्फ एक परफॉर्मेंस नहीं, बल्कि उनकी पुरानी यादों से भी जुड़ा हुआ था।

2010 की याद दिला गया ₹500 का नोट
लौंडा नाच की शूटिंग के दौरान कोरियोग्राफर कृति ने स्पर्श को 500 रुपये का नोट दिया। यह पल उनके लिए बेहद भावुक कर देने वाला था, क्योंकि इससे उन्हें अपने शुरुआती दिनों की याद आ गई।

स्पर्श ने बताया कि साल 2010 में जब उन्होंने एक डांस रियलिटी शो में हिस्सा लिया था, तब सरोज खान जज थीं। उस दौरान अच्छे डांस के बाद सरोज खान कलाकारों को 100 रुपये का नोट दिया करती थीं।

शूटिंग के दौरान कृति का उन्हें 500 रुपये का नोट देना स्पर्श के लिए उसी पुराने अनुभव की याद जैसा था और वह इस पल को लेकर काफी इमोशनल हो गए।

धड़कपुर में फिर लौटेगी अफरातफरी
‘दुपहिया’ का दूसरा सीजन वहीं से कहानी आगे बढ़ाएगा, जहां पहला सीजन खत्म हुआ था। इस बार धड़कपुर की दुनिया में पहले से ज्यादा उथल-पुथल और नई चुनौतियां देखने को मिलेंगी। सीरीज का प्रीमियर 1 अक्टूबर 2026 को भारत समेत 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में प्राइम वीडियो पर होगा।

सीजन 2 का निर्देशन सोनम नायर ने किया है। इसे सलोना बैन्स जोशी और शुभ शिवदासानी ने बॉम्बे फिल्म कार्टेल LLP के बैनर तले बनाया और प्रोड्यूस किया है। इसके क्रिएटर और राइटर अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग हैं।

पुरानी स्टारकास्ट के साथ निरहुआ की एंट्री
नए सीजन में गजराज राव, रेणुका शहाणे, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा अपने किरदारों में लौट रहे हैं। वहीं दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ की एंट्री सीजन 2 को नया ट्विस्ट देने वाली है।

Related Articles

Back to top button