छत्तीसगढ़राज्य

विश्व पर्यावरण दिवस पर जंगल से सामने आया प्रकृति का अनोखा नज़ारा, DFO वरुण जैन ने साझा किया अद्भुत वीडियो

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व से वन्यजीवों की दुनिया का एक बेहद रोचक और दुर्लभ दृश्य सामने आया है। दक्षिण उदंती परिक्षेत्र के घने जंगल में छोटे पक्षियों द्वारा अपने घोंसले और बच्चों की रक्षा के लिए एक शिकारी पक्षी को खदेड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा बटोर रहा है।

टाइगर रिजर्व के डीएफओ वरुण जैन ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए बताया कि जंगल में इंडियन पैराडाइज फ्लाईकैचर और व्हाइट-ब्रोएड फैंटेल ने अपने घोंसले, अंडों और बच्चों की सुरक्षा के लिए एक क्रेस्टेड सर्पेंट ईगल पर लगातार चोंच से हमला किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों छोटे पक्षी चील के सिर और पीठ पर बार-बार प्रहार कर उसे अपने क्षेत्र से दूर भगाने का प्रयास कर रहे हैं।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार पक्षियों के इस साहसी, संगठित और आक्रामक रक्षात्मक व्यवहार को ‘मॉबिंग’ कहा जाता है। जब किसी शिकारी पक्षी या जीव से घोंसले और बच्चों को खतरा महसूस होता है, तब कई छोटे पक्षी मिलकर उसे परेशान करते हैं और अपने क्षेत्र से खदेड़ देते हैं। यह प्रकृति की एक अद्भुत रक्षा रणनीति मानी जाती है। इस वीडियो की एक और खास बात लोगों का ध्यान खींच रही है। अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो में मूल स्रोत का उल्लेख नहीं किया जाता, लेकिन डीएफओ वरुण जैन ने वीडियो पोस्ट करते समय इसे रिकॉर्ड करने वाले वनकर्मी को पूरा श्रेय दिया।

Related Articles

Back to top button