
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के शैक्षणिक कायाकल्प की दिशा में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। जीई रोड (एनआईटी के सामने) पर 21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक ‘नालंदा परिसर फेज-2’ का भव्य भूमिपूजन आगामी 23 जनवरी, शुक्रवार को दोपहर 3:00 बजे संपन्न होगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव जी होंगे। श्री साव विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत की उपस्थिति में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखेंगे।
रायपुर के युवाओं को मुख्यमंत्री श्री साय के मार्गदर्शन में एक ऐसी सौगात मिल रही है, जो पूरे प्रदेश में मिसाल बनेगी। अक्सर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र मानसिक थकान का अनुभव करते हैं। उनकी इसी समस्या को समझते हुए हमने नालंदा फेज-2 में ‘स्टडी विथ फिटनेस’ का कॉन्सेप्ट लागू किया है। यहाँ छात्र लाइब्रेरी में पढ़ाई के साथ-साथ परिसर के भीतर ही आधुनिक जिम और स्पोर्ट्स जोन का लाभ उठा सकेंगे।”
यह तीन मंजिला (G+3) भवन 5,615 वर्ग मीटर में फैला होगा, जिसे भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। यहाँ एक साथ 1,000 से अधिक छात्र बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे। साथ ही 90 सीटों का एक विशेष लेक्चर हॉल होगा जहाँ विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।




