
रायपुर। भारत की आत्मा और एकता के प्रतीक राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर आज रायपुर जिले में उत्सव, सम्मान और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
जिलास्तरीय मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट के रेडक्रॉस सभाकक्ष में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरू खुशवंत साहेब, विधायक अनुज शर्मा, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, अपर कलेक्टर नम्रता जैन सहित जिले के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सभी ने एक स्वर में भावपूर्ण तरीके से राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन किया, जिससे पूरा सभाकक्ष देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो उठा। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए उनके अदम्य साहस और राष्ट्रसेवा के योगदान को याद किया गया।




