
बलौदाबाजार जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। कसडोल क्षेत्र के बरघाट नाले में भी तेज बारिश के बाद करीब तीन फीट ऊपर तक पानी बह रहा है। इसी दौरान उफनते नाले को पार करने की कोशिश कर रहा एक युवक अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी में बह गया।
बताया जा रहा है कि युवक सिद्धबाबा जलप्रपात से लौट रहा था। बरघाट नाला पार करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। हालांकि गनीमत रही कि बहते हुए युवक एक पेड़ के पास पहुंच गया और उसकी डाल को पकड़ने में कामयाब हो गया। इसके बाद युवक करीब ढाई घंटे तक पेड़ की डाल पकड़कर जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा। तेज बहाव के बीच युवक को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान असनींद गांव के कुछ स्थानीय युवकों ने साहस दिखाते हुए युवक को बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। स्थानीय युवकों ने रस्सी के सहारे उफनते नाले में उतरकर पेड़ तक पहुंच बनाई, जहां युवक फंसा हुआ था। काफी मशक्कत के बाद युवकों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।




