
सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर के एलिवेटेड सेक्शन पर वाइल्डलाइफ कॉरिडोर की समीक्षा की। फिर वे उत्तराखंड के देहरादून रवाना हुए। वाइल्डलाइफ कॉरिडोर न सिर्फ विकास की नई राह खोलेगा, बल्कि वन्यजीवों की सुरक्षा और प्रकृति संरक्षण को भी सुनिश्चित करेगा।
प्रधानमंत्री मोदी के वाइल्डलाइफ कॉरिडोर के निरीक्षण दौरान केंद्रीय राजमार्ग और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक भी मौजूद थे। वाइल्डलाइफ कॉरिडोर के निर्माण की प्रक्रिया को दर्शाने वाली एक प्रदर्शनी लगाई गई थी। अधिकारियों ने प्रधानमंत्री को इस परियोजना के बारे में जानकारी दी।
इससे पहले, पीएम मोदी ने सहारनपुर में एक रोड शो किया। प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़क के किनारे भारी भीड़ थी। रोड शो में शामिल लोगों ने हाथों में तिरंगा थामे हुए ‘मोदी-मोदी’, ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए पीएम मोदी पर फूलों की वर्षा की। कई लोग पारंपरिक वेशभूषा में आए थे और उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वागत में पारंपरिक लोक नृत्य प्रस्तुत किए। पीएम मोदी ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया।




