वेनेजुएला में भूकंप के तेज झटके, तीन दर्जन से ज्यादा की मौत

वेनेजुएला में 7.1 और 7.5 तीव्रता के भूकंप के झटके लगे हैं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था। इसका केंद्र देश के कैरेबियाई तट पर स्थित मोरोन शहर के पश्चिम में और कराकास से लगभग 168 किलोमीटर दूर था। भूकंप की गहराई 13 किलोमीटर दर्ज की गई। पहले झटके के कुछ ही मिनट बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया। इसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। इसका केंद्र मोरोन से 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित था। भूकंप के बाद अमेरिकी प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने प्यूर्टो रिको और वर्जिन द्वीप समूह के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया। वेनेजुएला की राजधानी काराकास में भूकंप के तेज झटकों से इमारतें हिलने लगीं, जिसके बाद लोग तुरंत बाहर निकल आए। कई लोग सड़कों पर खड़े होकर क्षतिग्रस्त इमारतों को देखते रहे। कुछ जगहों पर पूरी दीवारें गिर गईं, जिससे सड़क से ही घरों और दफ्तरों के भीतर रखा फर्नीचर दिखाई देने लगा। राजधानी के दो इलाकों में धूल के बड़े गुबार भी उठते देखे गए। ये ऐसे इलाके हैं, जहां आमतौर पर रेस्तरां और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठानों में काफी चहल-पहल रहती है।




