
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कुरूद (CARS) के विद्यार्थियों ने कैंपस प्लेसमेंट एवं उद्योग–संस्थान सहयोग (Industry–Institute Collaboration) के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर महाविद्यालय एवं जिले का गौरव बढ़ाया है। अधिष्ठाता डॉ. नवनीत राणा के सतत् मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा उद्योगों के साथ प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित कृषि बीज कंपनी PAN Seeds (P) Ltd., कोलकाता में हुआ है।
कंपनी द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया के उपरांत महाविद्यालय के छात्र श्री कमल कुमार, श्री विकास कुमार, सुश्री हिमांशी चंद्राकर एवं श्री गौरव कुमार साहू का चयन रायपुर स्थित कंपनी के प्लांट में दो माह की इंटर्नशिप के लिए किया गया है। इंटर्नशिप अवधि के दौरान प्रत्येक विद्यार्थी को 7 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड के साथ निःशुल्क आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी प्रबंधन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद इन सभी विद्यार्थियों को कंपनी के नियमित पेरोल पर नियुक्ति प्रदान की जाएगी, जिससे उन्हें कृषि उद्योग में अपने व्यावसायिक जीवन की मजबूत शुरुआत करने का अवसर मिलेगा।
इसी क्रम में महाविद्यालय के छात्र नरेंद्र कश्यप का PAN Seeds (P) Ltd. में ऑफिसर–प्लांट क्वालिटी के पद पर बंजारी (कुरूद) इकाई में प्रत्यक्ष चयन हुआ है। उन्हें 3 लाख रुपये वार्षिक (LPA) के आकर्षक वेतनमान के साथ नियुक्ति प्रदान की गई है। कंपनी द्वारा उन्हें भी निःशुल्क आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।




