छत्तीसगढ़राज्य

कोयला ब्लॉकों की नीलामी में उद्योग जगत की मजबूत भागीदारी देखने को मिली

कोयला मंत्रालय के अंतर्गत नामित प्राधिकारी ने आज वाणिज्यिक कोयला ब्लॉकों की नीलामी के 15वें दौर के लिए बोलियां खोलीं, जो 13वें और 14वें दौर (ट्रेन्च) के दूसरे प्रयास के साथ आयोजित की गई थी। इन दौरों (राउंड्स) में, 23 प्रस्तावित कोयला ब्लॉकों में से 8 के लिए बोलियां प्राप्त हुईं, जो भारत के वाणिज्यिक कोयला खनन ढांचे में उद्योग जगत की मज़बूत भागीदारी को दर्शाता है।

निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए, पहले ऑनलाइन बोलियों को डिक्रिप्ट करके इलेक्ट्रॉनिक रूप से खोला गया, जिसके बाद ऑफलाइन बोली दस्तावेजों वाले सीलबंद लिफ़ाफ़े खोले गए। यह प्रक्रिया बोली लगाने वालों की उपस्थिति में पूरी की गई और पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रक्रिया को स्क्रीन पर लाइव दिखाया गया। इन दौरों में 23 प्रस्तावित कोयला ब्लॉकों में से 8 के लिए कुल 21 बोलियां प्राप्त हुईं।

इस दौर में कुल 16 कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 4 वाणिज्यिक कोयला खनन व्यवस्था के तहत पहली बार बोली लगाने वाली कंपनियां थीं। उनकी भागीदारी यह दर्शाती है कि उद्योग जगत को नीतिगत ढांचे और भारत के कोयला क्षेत्र में उभरते अवसरों पर भरोसा है; यह क्षेत्र देश की आर्थिक प्रगति के लिए काफी महत्वपूर्ण है।

प्राप्त बोलियों को अब मूल्यांकन के लिए बहु-विषयक तकनीकी मूल्यांकन समिति के समक्ष रखा जाएगा। तकनीकी रूप से योग्य पाए गए बोलीदाताओं को एमएसटीसी पोर्टल पर होने वाली इलेक्ट्रॉनिक नीलामी के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।

वाणिज्यिक कोयला ब्लॉक की नीलामी में निरंतर दिखाई जा रही रुचि इस क्षेत्र के आकर्षण और औद्योगिक विकास व ऊर्जा सुरक्षा में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका की पुष्टि करती है, जिससे भारत के व्यापक विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।

Related Articles

Back to top button