
छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए आठ जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की सक्रियता का सबसे अधिक असर प्रदेश के मध्य और मैदानी क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। रेड अलर्ट वाले जिलों में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, बेमेतरा और बालोद शामिल हैं। इन जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।




