
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई) के तहत जारी निधि के उपयोग का आकलन करने और महाराष्ट्र सरकार को दूसरी किस्त (सेकेंड मदर सैंक्शन) जारी करने पर विचार करने के लिए एक वर्चुअल समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
इस बैठक में महाराष्ट्र सरकार के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे, भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा महाराष्ट्र सरकार के अधिकारी शामिल हुए।
समीक्षा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने आरकेवीवाई योजना के तहत महाराष्ट्र को पहली किस्त के रूप में 335 करोड़ रुपये जारी किए थे। राज्य ने इसमें से लगभग 260 करोड़ रुपये का उपयोग कर लिया है, जो निर्धारित 75 प्रतिशत उपयोग के मानक से अधिक है। इसके साथ ही महाराष्ट्र दूसरी किस्त प्राप्त करने के लिए पात्र बनने वाला पहला राज्य बन गया है। मंत्री महोदय ने सूचित किया कि 335 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
महाराष्ट्र सरकार को बधाई देते हुए श्री चौहान ने निर्धारित समय के भीतर आरकेवीवाई निधि का 75 प्रतिशत से अधिक समग्र उपयोग हासिल करने के लिए राज्य की सराहना की। उन्होंने महाराष्ट्र को दूसरी किस्त के लिए पात्र बनने वाला पहला राज्य बताया और कहा कि यह उपलब्धि कृषि विकास कार्यक्रमों के प्रभावी कार्यान्वयन के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


