
श्रीनगर एयरपोर्ट में शुक्रवार सुबह पार्किंग के दौरान इंडिगो का एक विमान हादसे का शिकार हो गया। नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची इंडिगो फ्लाइट 6E 225 (VT-NOG) को बे नंबर 6 पर पार्क किया जा रहा था। इसी दौरान विमान का अगला हिस्सा एयरपोर्ट परिसर में लगे एक पोल से टकरा गया।
टक्कर के बाद विमान के आगे के हिस्से को नुकसान पहुंचा। हादसे के वक्त विमान में करीब 200 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
मैनुअल सीढ़ियों से यात्रियों को उतारा
हादसे के बाद सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया। इसके लिए मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढ़ियों का इस्तेमाल किया गया।
जानकारी के मुताबिक, जिस पोल से विमान टकराया, वह Visual Docking Guidance System (VDGS) का हिस्सा है। यह सिस्टम विमानों को पार्किंग बे तक सुरक्षित और सही स्थिति में पहुंचाने में मदद करता है।
हादसे की वजह की जांच जारी
विमान के पोल से टकराने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। हालांकि, हादसे के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट का संचालन सामान्य बताया गया है और उड़ानें निर्धारित समय के अनुसार संचालित हो रही हैं।




