
छत्तीसगढ़ की हॉकी अब रायपुर के मैदान से निकलकर दुनिया तक पहुंच रही है। राज्य में हॉकी को बढ़ावा देने खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग ने प्रदेश के खेल जगत को नया मंच दिया है। लीग के सभी मुकाबलों का जियोहॉटस्टार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण किया जा रहा है। इससे छत्तीसगढ़ के साथ देश-दुनिया के दर्शक भी यहां खेले जा रहे रोमांचक मुकाबलों का आनंद ले सकते हैं। रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 21 अक्टूबर से शुरू हुई लीग 1 नवम्बर तक चलेगी। हॉकी के दिग्गज खिलाड़ियों और ओलंपियनों की मौजूदगी में आयोजित इस प्रतियोगिता के जरिए छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने के साथ ही राज्य की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस हॉकी लीग का रोमांच केवल स्टेडियम तक सीमित नहीं है। जियोहॉटस्टार पर प्रत्येक मैच की लाइव स्ट्रीमिंग से प्रदेश में आयोजित इस प्रतियोगिता को वैश्विक स्तर पर देखने की सुविधा मिल रही है। लीग के ब्रांड एम्बेसडर भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान, ओलंपियन और दिग्गज खिलाड़ी श्री सरदार सिंह हैं। वे यहां मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। लीग में ओलंपियन खिलाड़ियों की भागीदारी और उनके नेतृत्व में टीमों के बीच हो रहे मुकाबलों ने प्रतियोगिता को विशेष आकर्षण दिया है।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का शुभारंभ 21 अक्टूबर को भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खड़से के मुख्य आतिथ्य और छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा खेल तथा युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव की अध्यक्षता में हुआ। प्रतियोगिता में शुरुआती मुकाबलों से ही खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। ओलंपियन सुरेन्द्र सिंह की कप्तानी वाली न्यायधानी नाइट्स ने पहले दिन ओलंपियन ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में केतन कुशवाहा को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।




