केंद्र और राज्य सरकार मिलकर दे रही हैं मध्यप्रदेश के विकास को गति : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर मध्यप्रदेश के विकास को गति प्रदान कर रहे हैं। ग्वालियर को टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का प्रमुख केंद्र बनाने की पहल के साथ जबलपुर-इंदौर आर्थिक कॉरिडोर विभिन्न क्षेत्रों में विकास को गति प्रदान करेगा। महाकौशल और मालवा को जोड़ने की इस पहल से रायसेन जैसे जिले भी लाभान्वित होंगे जो इस कॉरिडोर के मध्य स्थित हैं और वर्तमान में सघन आर्थिक गतिविधियों से वंचित हैं। पर्यटन क्षेत्र का भी विकास होगा। प्रदेश के विकास का यही समय है और सही समय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में फेडरेशन ऑफ एम.पी. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंण्डस्ट्री के दो दिवसीय विकसित भारत उद्योग व्यापार सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। सम्मेलन में विभिन्न उद्यमियों द्वारा प्रदेश में 7500 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में ढाई वर्ष में 12 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतारे जा चुके हैं। सभी सेक्टर्स में मध्यप्रदेश अपनी स्थिति सुदृढ़ कर रहा है। पारदर्शी नीतियां लागू किए जाने से निवेशकों को उद्योग स्थापना में कोई कठिनाई नहीं हो रही है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध का लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रतिदिन ही निवेश संवर्धन कार्यक्रम और गतिविधियां हो रही हैं।
सुख का सवेरा लाता है उद्योग जगत


