
दीपावली के पावन पर्व पर प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने संवेदनशीलता और आत्मीयता की अनूठी मिसाल पेश की। रायपुर से दुर्ग प्रवास के दौरान उन्होंने विभिन्न चौक-चौराहों पर रुककर ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं यातायात पुलिस के जवानों से मुलाकात की। मंत्री श्री यादव ने जवानों को मिठाई और उपहार भेंटकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
दीपावली के अवसर पर जब लोग अपने परिवार और प्रियजनों के साथ उत्सव मना रहे हैं, वहीं पुलिस एवं यातायात पुलिस के जवान नागरिकों की सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे में शिक्षा मंत्री श्री यादव ने जवानों के बीच पहुंचकर उनके समर्पण और सेवाभाव के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।
मंत्री श्री यादव को अचानक अपने बीच पाकर ड्यूटी पर तैनात जवानों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। उन्होंने जवानों से आत्मीयतापूर्वक बातचीत की और उनकी कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।



