छत्तीसगढ़राज्य

त्योहारी सीजन में होटलों और मिठाई दुकानों में फूड की टीम पहुंची, श्री अन्नपूर्णा एग्रो तीन दिन के लिए सस्पेंड

रायपुर। त्योहारी सीजन में आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल (आईएएस) ने जिले की खाद्य सुरक्षा टीम को मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के निर्माण, विक्रय एवं थोक व्यापार में संलग्न प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में आज खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा रायपुर शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने संग्रहित किए गए। टीम ने मैग्नेटो मॉल स्थित केएफसी (KFC) से राइस बॉल का विधिक नमूना लिया। वहीं न्यू राजेंद्र नगर स्थित मेसर्स अग्रवाल मिठाईवाला से पूजा पेड़ा एवं डोडा बर्फी के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

इसके अतिरिक्त भनपुरी स्थित औद्योगिक क्षेत्र क्रमांक 45 में संचालित श्री अन्नपूर्णा एग्रो का निरीक्षण किया गया। यहां से फरसाण फ्लोर का विधिक नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में बेसन तथा फरसाण फ्लोर का निर्माण किया जाना पाया गया। इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए विभाग द्वारा प्रतिष्ठान की खाद्य अनुज्ञप्ति तीन दिनों के लिए निलंबित कर दी गई है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button