Breaking Newsमनोरंजन

हॉरर फिल्मों में किस्मत आजमाएंगी जैकलीन

मुंबई। अपनी अदाओं को लेकर चर्चा में रहने वाली अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस अब हॉरर फिल्मों में किस्मत आजमाएंगी। ताजा खबरों की मानें तो अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस ने अपनी पहली हॉरर फिल्म की स्क्रिप्ट को हरी झंडी दे दी है। जैकलीन एक सही कहानी के साथ-साथ हॉरर फिल्मों में हाथ आजमाने के लिए काफी उत्सुक थीं। उन्हें इस फिल्म की जो बात सबसे अच्छी लगी, वो था इसमें हॉरर के साथ-साथ भावनाओं और संगीत का बेहतरीन तालमेल होना। यही वजह है कि ये सिर्फ एक आम हॉरर फिल्म न होकर सिनेमाघरों के लिए एक पूरा मनोरंजन पैकेज साबित होगी।

इस बिना नाम वाली फिल्म में 2 मुख्य अभिनेता होंगे, जिन्हें जैकलीन के साथ फाइनल कर लिया गया है। इस फिल्म को ख्याति मदान की कंपनी ‘नॉट्स आउट एंटरटेनमेंट’ प्रोड्यूस कर रही है। हालांकि, फिल्म के बाकी कलाकारों और इसके निर्देशन से जुड़ी अन्य जानकारियों को अभी पूरी तरह से गुप्त रखा गया है। कहा तो ये भी जा रहा है कि फिल्म के टीजर की शूटिंग पूरी हो चुकी है।

जैकलीन पिछले काफी समय से महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर विवादों में बनी हुई हैं। इस कानूनी मामले की वजह से उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। पिछले दिनों खबर थी कि इस मामले में पटियाला हाउस अदालत ने सुकेश और जैकलीन समेत 17 आरोपियों पर आरोप तय कर दिए हैं। ऐसे में इस बड़े विवाद के बीच उनका एक बिल्कुल अलग फिल्म चुनना उनके फैंस के लिए एक बहुत बड़ा सरप्राइज है।

अपने फिल्मी करियर की शुरुआत जैकलीन ने साल 2009 में आई फिल्म ‘अलादीन’ से की थी। इसमें उनके साथ अमिताभ बच्चन और रीतेश देशमुख मुख्य भूमिका में थे। हालांकि, उन्हें असली पहचान और बड़ी सफलता सलमान खान के साथ फिल्म ‘किक’ (2014), अक्षय कुमार के साथ ‘हाउसफुल 2’, ‘हाउसफुल 3’ और ‘जुड़वा 2’ जैसी फिल्मों से मिली। उनकी गिनती बॉलीवुड की सबसे ग्लैमरस और लोकप्रिय कमर्शियल अभिनेत्रियों में होती है।

Related Articles

Back to top button