
मुंबई । अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। जांच टीम ने गुजरात के सूरत से वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए दो पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, हथियारों को फॉरेंसिक और बैलिस्टिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि घटनास्थल से मिले खाली कारतूसों से उनका मिलान किया जा सके। इस मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
18 अक्टूबर को जुहू में हुई थी फायरिंग
18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में पुष्पा नरसी ग्राउंड से फुटबॉल खेलने के बाद टाइगर श्रॉफ अपनी कार से निकल रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए हमलावरों ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं। घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर फिरदौस गोली लगने से घायल हो गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों संदिग्ध मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। जांच में सामने आया कि उन्होंने भागने के दौरान अलग-अलग परिवहन साधनों का इस्तेमाल किया और सूरत से ट्रेन के जरिए आगे निकल गए। पुलिस ने बाद में घटनास्थल के पास से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की थी।




