
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन रायपुर के अभिनव प्रयास से जयस्तंभ चौक स्थित शहीद स्मारक भवन में ‘गुरु वंदन’ थीम पर तिरंगा फेस्ट फेस्टिवल का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया। सितंबर माह को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को समर्पित इस कार्यक्रम में कला, संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत, कथक, भरतनाट्यम, नृत्य, गीत, देशभक्ति गीत एवं वर्चुअल प्रस्तुतियों सहित करीब 30 प्रस्तुतियां मंच पर प्रस्तुत की गईं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया।
इस आयोजन की सबसे खास तस्वीर तब देखने को मिली जब करीब पांच वर्ष के नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने मंच पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में दो आयु वर्ग रखे गए थे – 5 से 15 वर्ष तथा 15 से 70 वर्ष। एक ही मंच पर बच्चों की मासूम प्रतिभा और वरिष्ठ प्रतिभागियों के अनुभव का सुंदर संगम देखने को मिला। सितंबर माह की थीम ‘गुरु वंदन’ होने के कारण शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एक साथ मंच साझा किया, जिससे गुरु-शिष्य परंपरा का भाव जीवंत हो उठा।




